Skip to main content

लास्ट विश

अंत की शुरुआत (अजनबी )


वर्ष 2024 के अप्रैल माह की एक सुहानी और शांत रात थी। घड़ी की सुइयाँ रात के लगभग साढ़े बारह बजा रही थीं। उस छोटे-से रेलवे स्टेशन पर दिन जैसी कोई चहल-पहल नहीं थी; चारों ओर एक गहरा सन्नाटा पसरा हुआ था। यदा-कदा गूँजने वाली अनाउसमेंट की मशीन आवाज़ ही उस निस्तब्धता को भंग कर अपनी उपस्थिति दर्ज करा रही थी। न तो किसी चाय वाले की पुकार सुनाई दे रही थी, और न ही कोई पानी वाला आवाज़ लगा रहा था। प्लेटफ़ॉर्म के ठीक मध्य में, जहाँ दूधिया रोशनी का पर्याप्त उजाला फैला था, केवल एक स्टॉल खुला हुआ था; जबकि प्लेटफ़ॉर्म के शेष हिस्सों में धुँधलका और अँधेरा छाया हुआ था।
इसी प्लेटफ़ॉर्म के एक सुनसान छोर पर—जहाँ संभवतः मरम्मत का कुछ कार्य चल रहा था—एक बेंच पर एक महिला और एक पुरुष बैठे आपस में बातें कर रहे थे। एक-दूसरे से बिछड़ने की असहनीय पीड़ा और भारीपन को छिपाने के प्रयास में वे अनावश्यक रूप से कभी-कभी इधर-उधर की औपचारिक बातें भी करने लगते थे।
उनके ठीक आसपास लगभग तेरह वर्ष का एक अत्यंत सुंदर, सुदर्शन और आधुनिक किशोर चहलकदमी कर रहा था। वह कभी तेज़ी से भागता हुआ उनके पास आता, उनसे कुछ पल बातें करता और फिर बड़ी बेसब्री से उस अंधकारमयी दिशा की ओर निहारने लगता, जिधर से संभवतः रेलगाड़ी के आने की आहट होने वाली थी। तो कभी प्लेटफ़ॉर्म पर टहलते हुए वह कुछ दूरी पर खड़े अपने पिता के पास चला जाता और उनसे संवाद करने लगता। अपने पिता के गंभीर और शांत स्वभाव से वह बालक भली-भाँति परिचित था, इसलिए वह उनसे अधिक देर तक बातें न करके उनके इर्द-गिर्द ही टहलता रहता, या फिर लौटकर अपनी माँ के पास चुपचाप बैठ जाता।
यदि कोई अनजान व्यक्ति उस किशोर के बाहरी हाव-भाव को देखता, तो सहज ही यही अनुमान लगाता कि वह अत्यंत चंचल और अस्थिर स्वभाव का बालक है। किंतु वास्तविकता इसके सर्वथा विपरीत थी—वह ऊपरी तौर पर जितना चंचल और अल्हड़ दिखाई दे रहा था, आंतरिक रूप से उतना ही परिपक्व, संवेदनशील और गंभीर व्यक्तित्व का स्वामी था।
लड़के के पिता अत्यंत शांत, सौम्य एवं स्थिरचित्त स्वभाव के स्वामी हैं। उनके व्यक्तित्व में गहरी परिपक्वता और वैचारिक स्पष्टता झलक रही थी। वे उन तीनों के मध्य उपस्थित होकर सहजता से संवाद तो करते हैं, किंतु उनका मन सदैव अपने इस कर्तव्य के प्रति सचेत है कि उनकी पत्नी के पास बैठा हुआ यह व्यक्ति जिसे वह अपना छोटा भाई भी मानते हैं, सकुशल अपने गंतव्य स्थान तक पहुंच जाए। आने वाली ट्रेन की गतिविधियों पर उनकी पैनी दृष्टि ही इस बात का प्रमाण है कि वे अपने उत्तरदायित्वों के प्रति कितने सजग एवं कर्मनिष्ठ हैं। चारों व्यक्तियों के इस समूह में वे सबसे अधिक विवेकशील, दूरदर्शी और संयमित हैं। वे अपनी भावनाओं और विचारों के मध्य अद्भुत सामंजस्य स्थापित करते हुए, प्रत्येक संबंध का निर्वहन अत्यंत मर्यादित और संतुलित ढंग से कर रहे हैं। यदि संक्षेप में लिखा जाए तो वे एक प्रज्ञावान और कर्तव्यपरायण व्यक्तित्व को धारण किए, स्थिति की गंभीरता को समझते हुए, मौन रहकर भी सबका मार्गदर्शन एवं सुरक्षा सुनिश्चित करना चाहते हैं तो गलत नहीं होगा। 
रेलवे स्टेशन के उस शांत वातावरण के बीच ट्रेन की प्रतीक्षा करते हुए, वे इस सत्य से कदापि अनभिज्ञ नहीं हैं कि उनकी पत्नी के समीप बैठा वह व्यक्ति—जो वर्षों पश्चात् अतीत की किसी पगडंडी से चलकर यहाँ आया है—उन सभी के अंतर्मन से किस गहराई तक जुड़ा हुआ है। वे भली-भाँति जानते हैं कि स्मृतियों और संवेदनाओं के इस कोमल तंतु को यदि सामाजिक वर्जनाओं, मिथ्या अभिमान, अहंकार अथवा यथार्थ के कठोर धरातल पर यूँ ही अनावृत छोड़ दिया गया, तो स्वयं मनुष्यता ही लज्जित हो उठेगी।
उनकी शांत, किंतु गहरी मौन दृष्टि अपनी पत्नी को एक अद्भुत आश्वस्ति प्रदान करती प्रतीत होती है। उस मौन में एक अनकहा संवाद है, मानो वे अपनी सहधर्मिणी से कह रहे हों— "तुम तनिक भी चिंतित मत हो; तुम्हारे अतीत के इस निश्छल प्रेम की पवित्रता और इसकी पीड़ा को मैं भीतर तक समझता हूँ। भले ही यह लोक-व्यवहार और समाज की संकीर्ण दृष्टि इस रिश्ते को कोई नाम न दे या इसे स्वीकार न करे, किंतु मैं अपने अंतर्मन से इसका पूर्ण सम्मान करता हूँ।"
तभी प्लेटफॉर्म के शांत वातावरण को चीरती हुई एक उद्घोषणा गूँजी— गाड़ी के आगमन की सूचना। उस एक आवाज़ ने मानो समय के पहिए को थाम दिया और वहाँ खड़े चारों व्यक्तियों के हृदय एक साथ धड़क उठे। बिछड़ने की वह निष्ठुर घड़ी प्रतिपल समीप आ रही थी। पटरियों पर सरकती हुई लोहे की वह विशाल काया जैसे-जैसे अपनी गति धीमी कर रही थी, ठीक उसी अनुपात में इन चारों के अंतर्मन में धड़कनों का वेग तीव्रतर होता जा रहा था। भीतर ही भीतर जो भावनाएँ किसी प्रलयंकारी तूफ़ान की भाँति उमड़ रही थीं, अब उन्हें लोक-लाज और मर्यादा के बाँध में बँधकर नियंत्रित हो जाना था।
अब भला कौन किससे क्या कहे? जो कुछ कहना था, जो कुछ सुनना था, वह सब तो पूर्ण हो चुका था। ट्रेन के इस दो मिनट के संक्षिप्त ठहराव में अब शेष थे तो केवल व्यावहारिक कर्तव्य—एक ऐसी भावपूर्ण विदाई, जो निश्चित ही आँखों की कोरों को सजल कर जाएगी।
संसार की रीति-नीति और मर्यादाओं के बंधन में बँधे उन बड़ों ने तो किसी तरह अपने जज्बातों के तूफ़ान और आँखों के सैलाब को रोक लिया, किंतु तेरह वर्ष का वह कोमल हृदय बालक भला कैसे कर पाता? वह अभी इतना भी सयाना नहीं हुआ था कि अपनी निश्छल भावनाओं पर संयम का बाँध बाँध ले। वह कैसे भुला दे उस स्नेहिल व्यक्तित्व को, जिससे उसे इतने कम समय में इतना अगाध प्रेम, अपनत्व और दुलार मिला था? भला जिस हृदय से अभी-अभी आत्मीयता का यह नाता जुड़ा था, उससे एक ही पल में कैसे बिछड़ जाए?
वह बालक इस सत्य से भी अनभिज्ञ नहीं था कि उसकी माँ के समीप बैठा यह व्यक्ति उसकी माँ के अंतर्मन और जीवन में क्या स्थान रखता है। बिना किसी प्रश्न या संकोच के, उसने अपने शुद्ध अंतःकरण से इस रिश्ते की पवित्रता और उस व्यक्ति के अस्तित्व को पूर्णतः स्वीकार कर लिया था।
जैसे ही ट्रेन प्लेटफॉर्म पर आकर रुकी, उस बालक के सब्र का बाँध टूट गया और उसकी आँखें अश्रुओं से छलक उठीं। लाख प्रयासों के बावजूद वह स्वयं को रोक न सका। वह एक व्याकुल पक्षी की भाँति दौड़ता हुआ अपनी माँ के बगल में बैठे उस व्यक्ति के पास पहुँचा और बिना कुछ कहे अपनी दोनों कोमल बाँहें उनके गले में डालकर उनसे लिपट गया—और फूट-फूट कर रो पड़ा। उस समय उस बालक का नन्हा हृदय किसी ऐसे कपोत की भाँति तीव्र गति से धड़क रहा था, जो अनंत आकाश की लंबी और थका देने वाली उड़ान भरकर अभी-अभी अपने सबसे सुरक्षित और प्रिय ठिकाने पर पहुँचा हो।
पहले तो उस व्यक्ति ने हुए उस बालक को संभालने और चुप कराने का प्रयास किया, किंतु बालक के उस निश्छल समर्पण और आँसुओं के समक्ष उनके सारे प्रयास विफल हो गए। वह समझ गए कि यह बालक केवल विदाई से दुखी नहीं है, बल्कि अपने इस आलिंगन से उसने उनके अतीत और उनकी संवेदनाओं को भी सम्मान दे दिया है।
तब उस व्यक्ति के भीतर वर्षों से जमी बर्फ़ भी पिघल गई। अपने संयम को त्यागकर उस बालक को अपने सीने से भींच लिया और स्वयं भी रो पड़ा। अश्रुओं से भीगे हुए, किंतु कृतज्ञता से परिपूर्ण स्वर में उनके मुख से बस यही शब्द निकले— "थैंक यू... थैंक यू मेरे बच्चे, आई लव यू।" उन चंद शब्दों में केवल उस बालक के प्रति स्नेह ही नहीं था, बल्कि उस स्वीकार्यता के प्रति अनंत आभार भी था, जिसने उनके अधूरेपन को एक पल के लिए ही सही, पूर्णता का अहसास करा दिया था।
उस निश्छल आलिंगन को देखकर, एक क्षण के लिए बालक के पिता की आँखें भी सजल हो उठीं। किंतु अगले ही पल, अपने कर्तव्य के प्रति वे पुनः सजग हो गए। उन्होंने स्थिति की गंभीरता को संभाला, अत्यंत आत्मीयता से उस व्यक्ति का सामान उठाया और उन्हें सुरक्षित ट्रेन के डिब्बे तक पहुँचाया। मानो वे केवल एक यात्री को नहीं, बल्कि अपनी पत्नी के अतीत की एक पवित्र अमानत को ससम्मान विदा कर रहे हों।
जैसे ही वह व्यक्ति ट्रेन के भीतर प्रविष्ट हुआ, मानो नियति ने भी अपना संकेत दे दिया और रेलगाड़ी ने रेंगना आरंभ कर दिया। वातानुकूलित कोच के खुले हुए दरवाज़े के ठीक समीप वाली सीट पर वह व्यक्ति किसी निशब्द मूर्ति की भाँति चुपचाप बैठ गया। ट्रेन की बढ़ती हुई गति के साथ-साथ प्लेटफॉर्म पर वे तीनों व्यक्ति भी कदम मिलाते हुए उस दिशा में चलने लगे, मानो वे उस गतिशील समय को कुछ पल और थाम लेना चाहते हों। केवल वह तेरह वर्षीय बालक इस दौड़ में शामिल न था—वह गहरी उदासी के अथाह सागर में डूबा हुआ, दुनिया से मुँह फेरे, अभी भी अपने आँसुओं से जूझ रहा था।
ट्रेन के साथ-साथ चलते हुए उन पति-पत्नी के होंठों पर अब विदाई की वह औपचारिक और फीकी मुस्कान भी शेष न रही। उनके चेहरों पर केवल एक शून्य था। यह एक ऐसा निष्ठुर बिछोह था, जिसकी टीस अनंत काल तक के लिए उनके हृदय की गहराइयों में समा जाने वाली थी।
कुछ ही क्षण पूर्व प्लेटफॉर्म की उस शांत बेंच पर बैठे हुए उन दोनों के मध्य जो गहरे संवाद हुए थे, उनकी मौन अभिव्यक्ति उस महिला की भीगी हुई पलकों और सजल आँखों से अभी भी अनवरत जारी थे, जो मौन संवाद बनकर हवा में तैरने लगें—
      "मैं तो कभी इतना साहस ही न जुटा पाई कि तुम्हारी दहलीज़ तक आ सकूँ। अच्छा हुआ जो तुम स्वयं चले आए... आज इस हृदय को एक अजीब-सी तसल्ली मिली है कि इस भरी दुनिया में कोई तो अपना है, जिसकी स्मृतियों में मैं आज भी जीवित हूँ।
जानते हो, शीत ऋतु की सर्द रातों में जब मैं सो जाती थी, तो माँ चुपके से आकर मेरे पैरों में मोज़े पहना दिया करती थीं, ताकि उनकी लाडली को ठंड न लग जाए। उस ममतामयी आँचल ने तो कभी स्वप्न में भी कल्पना न की होगी कि उनकी इतनी दुलारी बेटी को जीवन की राहों में इतना कठिन संघर्ष और एकाकीपन झेलना पड़ेगा। फिर भी, उन्होंने मेरी हर पीड़ा को देखा, मेरे हर संघर्ष को अपनी साँसों में महसूस किया और चुपचाप अश्रु भी बहाए।
परंतु मैं... मैं तो अपने ही आँसुओं का बोझ भी न बहा सकी, कभी खुलकर रो भी न पाई। मन ही मन यही सोचा कि शायद मेरे ही कर्मों का कोई लेखा-जोखा है—इस जन्म के समस्त अपराध और प्रायश्चित यदि इसी जीवन की अग्नि में जल जाएं, तो ही अच्छा है।
जब माँ ने इस संसार से विदा ली, उस शोक की घड़ी में भी मेरी पथराई आँखें तुम्हारी ही प्रतीक्षा करती रहीं। मन में एक क्षीण-सी आशा थी कि मुझसे न सही, किंतु अपनी बुआ के अंतिम दर्शन को तो तुम अवश्य आओगे न? पर तुम न आए... तब भीतर कहीं एक टीस उठी और यह विचार कौंधा कि जब मैंने ही कभी आवेग में आकर तुम्हें 'निर्मोही' कह दिया था, तो फिर तुमसे किसी मोह की आस रखूँ? यह तो मेरे ही कटु शब्दों का प्रायश्चित था। खैर, जो बीत गया, जो घटित हो गया... कदाचित वही हमारी अटल नियति थी। 
सकुशल जाना... अपना और समान का ध्यान रखना। तुम अपने मोबाइल के प्रति बड़े लापरवाह हो, उसे कहीं भी भूल आते हो, उसका खयाल रखना। और हाँ, पहुँचते ही कॉल जरूर करना। सुनो, यदि मार्ग में कोई अड़चन आए या किसी भी प्रकार की समस्या हो, तो बिना संकोच तुरंत कॉल करना। मैं जहां और जैसी भी होऊंगी इन्हें लेकर तुरंत आ जाऊंगी। अब तो तुम जान ही गए होंगे यह तुम्हारे लिए मुझे किसी बात के लिए भी मन नहीं करेंगे... जब मैंने कहा कितनी रात को मैं कहां जाऊंगी आप छोड़ आई तो इन्होंने ही मुझे समझाते हुए कहा था, वो इतनी दूर से आया है, वह भी अकेला!! हम सभी लोग छोड़ने जाएंगे।
     ...और हाँ, मैं हमेशा से जानती रही, तुम मेरे साथ तो रोते ही थे, लेकिन उससे कहीं ज्यादा मुझसे छुप कर भी रोयें। खुद को संभालना, यूँ टूटकर अब मत रोना। जीवन में इतनी भावुकता भी ठीक नहीं होती। यह सब तो जीवन का ही एक हिस्सा है। जो नियति को स्वीकार था, जो भाग्य की रेखाओं में लिखा था, वह बीत  चुका। तुम तो समझदार हो न? अब तो तुम एक 'लेखक' भी बन गए हो, कागज़ के पन्नों पर नए-नए किरदारों को गढ़ते हो... अब तो कम से कम इस जीवन की किताब को पढ़ना सीख जाओ ! मैं ईश्वर से प्रार्थना करूंगी कि अब तुम्हें जीवन में सुखी रखें। गम की परछाइयां सदैव तुमसे दूर रहे। तुम हमेशा खुश रहो, हंसते मस्कुराते रहो। तुम हमारी चिंता मत करना हम ठीक रहेंगे अपने घर-परिवार का ध्यान रखना उन्हें कभी दु:ख मत देना..."
किंतु यह सारा संवाद, यह सारी चिंता और ये सारे उपदेश शब्दों का रूप अब फिर से न ले सके। यहां तो है ट्रेन के चलने का शोर। पहियों और पटरियों के बीच का संघर्ष। इन सभी संवेदनाओं का विस्तार अब केवल पलकों की दहलीज़ पर ठहरे हुए उन मोती जैसे आँसुओं के माध्यम से ही हो रहा था।  ट्रेन की गति तीव्र होती गई, और अंततः वह लोहे की शृंखला धुंधली होती हुई दृष्टि से ओझल हो गई—पीछे छोड़ गई तो बस एक गहरा सन्नाटा, भीगी हुई आँखें, और चीखता हुआ अंतर्मन। 
विदाई के उन अंतिम क्षणों में सारी संवेदनाएँ और चिंताएँ मानो ट्रेन के डिब्बे में चढ़ने और सीटी बजने के उन दो मिनटों के बीच सिमट के रह गई। जो पीछे छूट गया वह था एक सन्नाटा, जो किसी चीख से भी अधिक पीड़ादायक था। मन के भीतर जज्बातों का जो ज्वारभाटा उठ रहा था, वह हृदय की गहराइयों में ही दफ़न हो कर रह गया; उसका तनिक भी प्रभाव प्लेटफॉर्म के उस बाहरी शांत वातावरण पर नहीं पड़ने वाला था। क्योंकि यह जीवन है—निष्ठुर और गतिशील। ट्रेन के पहियों की भाँति यह भी अपनी उसी पुरानी पटरी पर, अपनी जिम्मेदारियों का बोझ उठाए, फिर से दौड़ने लगेगा... और पीछे छूट गई वह थी, एक अनकही अमर स्मृति।

उस विदाई की अनकही टीस को सीने में समेटे, वह व्यक्ति भारी कदमों से अपने एसी कंपार्टमेंट की बर्थ तक पहुँचा। टीसी ने उसे बताया कि आप गलत कोच पर हैं, लेकिन कोई बात नहीं इन दो सीट के मुसाफिर इसी स्टेशन पर उतर गए हैं, अब ये खाली हैं। आप इनमें से किसी एक पर लेट सकते हैं, बाकी सब मैं देख लूंगा। उसने टी की सहृदयात को धन्यवाद दिया, और अपना बैग रख लेट गया।

 कोच के भीतर एसी की सर्द खामोशी पसरी थी और केवल रेल के पहियों की एक मंद, लयबद्ध गूंज सुनाई दे रही थी। उस केबिन में मिडिल और अपर बर्थ पर यात्री गहरी नींद या अपनी ही दुनिया में लीन थे, जबकि नीचे की दोनों बर्थ बिल्कुल खाली थीं— अब जिनमें से एक पर वह लेटा था।
उसने अपना बैग सिरहाने रखा और किसी हारे हुए मुसाफ़िर की तरह निढाल-सा होकर बर्थ पर लेट गया। बाहर की ठंडक के बावजूद उसके अंतर्मन में स्मृतियों की एक अजीब-सी तपिश सुलग रही थी। बंद आँखों के पीछे अचानक पच्चीस बरस पुरानी वह रात जीवंत हो उठी, जब खुले आसमान के नीचे खड़े होकर उसने खुद से वादा करते हुए मंगल से कहा था— "दूर उस सितारे को ज़रा देख, चंद्रमा की रोशनी के बाद भी वह कैसे चमक रहा है... जानता है मंगल... वह मेरा सितारा है... देख तो मुझे कैसे प्यार से देख रहा है... मंगल, देखना तुम... आज से बहुत साल बाद... एक दिन मैं अपने उस सितारे से मिलने जाऊँगा और फिर उससे पूछूँगा... 'बताओ मेरे दोस्त, कैसे हो?'... पीहू सही कहती है... मुझे देवदास नहीं बनना है। मैं शराब पी-पीकर नहीं मर सकता। वादा है तुझसे और अपने उस प्यारे सितारे से भी... मैं एक दिन आऊँगा... वादा रहा..."
एसी कोच के उस एकांत में कुछ देर तक उसके अंतर्मन में विचारों का एक तीव्र बवंडर उमड़ता-घुमड़ता रहा। विदाई के बाद की वह चुभन हर साँस के साथ और गहरी होती जा रही थी।
वह सोचने लगा कि ज़िंदगी भी अपने इस अनंत सफर में न जाने कितने अनसुलझे सबक सिखा जाती है, और न जाने कितने अनकहे सच हमारे सामने ला खड़ा करती है। समय की कसौटी पर कभी हम स्वयं को सही पाते हैं, तो कभी वही वक्त हमें गलत साबित कर देता है। अक्सर जब कोई अपना हमारी ज़िंदगी की राहों से बहुत दूर चला जाता है, तो हम यह मान बैठते हैं कि वह अपनी नई दुनिया में बेहद खुश होगा। हम खुद को यह झूठी तसल्ली देकर बहला लेते हैं कि जिसने हमें पीछे छोड़कर जीवन में आगे बढ़ना चुन लिया, वह यकीनन बड़े सुकून में होगा... मगर हकीकत के धरातल पर ऐसा भला होता कहाँ है? दर्द तो दोनों तरफ़ बराबर ही रिसता है—बस एक कह देता है, और दूसरा खामोशी की चादर ओढ़ लेता है।
इस अनंत ब्रह्मांड में न जाने कितने सौरमंडल और कितनी गैलेक्सीज़ मौजूद हैं, पर क्या उन सबको हासिल कर लेना ही असली हैप्पीनेस है?  एक भूखे फकीर और एक अमीर शख्स में भला क्या फर्क रह जाता है, अगर एक दो वक़्त की रोटी के लिए तरस रहा हो और दूसरा अपने सच्चे प्रेम के लिए? जीवन का वास्तविक सुकून तो सिर्फ उसी चीज़ में है, जिसकी हमें सचमुच ज़रूरत है और वह हमारे पास हो।
उसने उसके कहे अनुसार अपना मोबाइल फोन सुरक्षित अपने बैग में रखा और फिर उसी बैग को तकिया बनाकर सिरहाने लगा लिया। संवेदनाओं के जिस तूफान से वह अभी-अभी गुज़र कर आया था, वह कोई मामूली हलचल नहीं थी; उसने उसकी अंतरात्मा को भीतर तक झकझोर कर रख दिया था। अब उस मानसिक और भावनात्मक जद्दोजहद की थकान उसे साफ़ महसूस हो रही थी। सच ही तो है, जब मन पूरी तरह थक जाता है, तभी आत्मा को सुकून मिलता है और आँखों में नींद उतरती है। उसे नींद आती उसे पहले उसने कॉल किया। आखिर वे भी चालीस किलोमीटर दूर अपने घर को लौट रहे होंगे ? उसने बता दिया कि गलत डिब्बे में चढ़ने के बावजूद मुझे बर्थ मिल गई है, मैं ठीक हूं, कोई परेशानी नहीं। तुम लोग अच्छे से लौटना। कुछ ही पलों में गहरी नींद ने उसे अपने आगोश में ले लिया।
सुबह देर तक सोया, साढ़े सात बजे के लगभग जब उसकी नींद खुली, तो उसने सामने वाली बर्थ पर एक बेहद हैंडसम व्यक्ति को बैठे हुए देखा। उजला रंग, सामान्य से अधिक लंबा कद, कलाई पर महंगी घड़ी और उंगलियों में सोने की अंगूठियां—वह अपने पहनावे और व्यक्तित्व से अत्यंत आकर्षक प्रतीत हो रहा था। उसे देखते ही उसकी आंखें कुqछ संकुचित हुईं, मानो वह स्मृतियों के धुंधलके में किसी को पहचानने की चेष्टा कर रहा हो... क्या यह वही शख्स है, जिसे बरसों पहले तस्वीरों में देखा था?
अपनी ओर टकटकी लगाए देखकर वह हैंडसम व्यक्ति सहजता से मुस्कुराया। उसने अपने बैग की ओर संकेत करते हुए उससे कहा, "जरा इस पर ध्यान दीजिएगा...?"
प्रत्युत्तर में सामने बैठे व्यक्ति ने स्वीकृति में अपना सिर हल्का-सा हिला दिया। लगभग दस मिनट बाद जब वह व्यक्ति वापस लौटा, तो वह हैंडसम व्यक्ति वहां नहीं था। उसकी बर्थ पर खिड़की से सटकर बीस-इक्कीस साल की एक लड़की बैठी थी। मैरून रंग की जींस और सफेद टी-शर्ट पहने वह किसी किताब के पन्नों में पूरी तरह तल्लीन थी। उसके ब्लॉन्ड, लहरदार और खुले लंबे बाल कंधों से होते हुए पीठ पर कुछ नीचे तक बिखरे हुए थे। किताब पढ़ने की धुन में उसका चेहरा आगे की ओर थोड़ा झुका हुआ था, जिससे उसकी कुछ सुनहरी लटें चेहरे पर आ गई थीं।
सामने फोल्डिंग टेबल पर रखा महंगा हैंडसेट चार्जिंग पॉइंट में लगे मोबाइल चार्जर से जुड़ा था। प्रथम दृष्टया वह लड़की उसे विदेशी लगी। गैलरी की तरफ एक व्यक्ति पहले से बैठा हुआ था, लिहाजा वह उसे पार कर इस लड़की के लगभग सामने, खिड़की से कुछ सटकर बैठ गया। उसकी बर्थ पर बैठा हुआ दूसरा आदमी कोई मैगजीन पढ़ने पर व्यस्त था। तभी उस लड़की का हैंडसेट बज उठा। दोनों बर्थ पर बैठे तीनों व्यक्तियों की नजर अचानक ही बजते हुए हैंडसेट की तरफ गई।
लड़की ने धीरे से अपनी किताब को फोल्डिंग टेबल पर
रखा और अपना हैंडसेट उठा लिया। इसी एक पल में सामने बैठे व्यक्ति की नजर उस पर पड़ी। उसने उस लड़की को बेहद गौर से देखा। गहरे नीले रंग की चमकदार आंखें, चेहरे की बनावट, बोलने का अंदाज और उसकी मोहक मुस्कुराहट देखकर वह हैरान रह गया। उसके दिमाग में एक ही प्रश्न बार-बार गूंज रहा था—यह कैसे हो सकता है? तो क्या जिस हैंडसम व्यक्ति को वह लगातार पहचानने की कोशिश कर रहा था, उसके बारे में लगाया गया उसका अंदाजा गलत नहीं था?
वह उस लड़की को लगातार एकटक देख रहा था। लड़की जिस भाषा में बात करने में तल्लीन थी, वह उसे बिल्कुल भी समझ में नहीं आ रही थी। वह भाषा न तो हिंदी थी, न अंग्रेजी और न ही संस्कृत; लेकिन उसकी आवाज की कशिश और कोमलता (सॉफ्टनेस) बेहद लुभावनी थी। वह बस मंत्रमुग्ध होकर उसे देखे जा रहा था। उस लड़की की बातों की रफ्तार के साथ-साथ ट्रेन भी अपनी गति से आगे बढ़ती जा रही थी।
अचानक बात करते हुए उस लड़की की नजर सामने बैठे उस व्यक्ति पर जा टिकी। खिड़की से आती हल्की रोशनी और ट्रेन की लयबद्ध रफ्तार के बीच, खुद को यूं एकटक निहारे जाते देख एक पल के लिए उसके होंठ रुक गए और बातों का सिलसिला थम गया। उसकी गहरी नीली आंखें कुछ संकुचित हुईं। उस व्यक्ति के होठों पर भी एक सहज, हल्की-सी मुस्कान उभरी, और उसने महसूस किया कि मानो उस लड़की के चेहरे पर भी पल भर के लिए विस्मय की एक महीन रेखा खिंच गई हो। अगले ही क्षण लड़की ने अपनी नजरें उस व्यक्ति की तरफ से हटा लीं।
अब उस व्यक्ति की निगाह सामने फोल्डिंग टेबल पर रखी किताब पर पड़ी और उसका शीर्षक पढ़ते ही वह एक बार फिर चौंक गया। जिज्ञासावश उसने हाथ बढ़ाकर उस किताब को उठाना चाहा, लेकिन तभी उसे शिष्टाचार का ख्याल आया। उसने बेहद शालीनता से इशारों में ही उस लड़की से किताब उठाने की अनुमति मांगी। इस बार लड़की की आंखें और माथे की लकीरें दोनों कुछ सिकुड़ गईं, मानो पूछ रही हों, "क्या?"
तब उस व्यक्ति ने सीधे किताब पर हाथ रखते हुए संकेत से पूछा, "दिस वन?"
लड़की की मौन सहमति मिलते ही उसने झट से किताब उठा ली। वह उसे उलट-पलट कर ऐसे देखने लगा, जैसे किसी पुरानी याद या पहचान को टटोलने की कोशिश कर रहा हो। फिर उसने धीरे-धीरे किताब के पन्ने पलटने शुरू किए। एक खास पन्ने पर आकर उसकी उंगलियां ठहर गईं और उसके होठों पर एक हल्की, किंतु बेहद दिलकश मुस्कान तैर गई। उधर, लड़की की फोन पर बातचीत खत्म होते ही उस व्यक्ति ने किताब को वापस उसी सलीके से फोल्डिंग टेबल पर रख दिया।
लड़की ने अपना हैंडसेट दोबारा चार्जिंग पर लगाया और अपनी किताब उठाते हुए सहज व्यंग्यात्मक भाव से उस व्यक्ति की ओर देखकर पूछा, "इतनी जल्दी पढ़ लिया !!"
ट्रेन की लयबद्ध रफ्तार के बीच, उस लड़की के मुंह से इतनी साफ हिंदी सुनकर उसे सुखद आश्चर्य हुआ। उसने हल्की हैरानी और जिज्ञासा से उसकी तरफ देखते हुए पूछा, "आपको हिंदी आती है?"
जवाब में उस लड़की ने बिना कुछ कहे, बेहद नज़ाकत से अपने बाएं हाथ की पांचों उंगलियां (पंजा) फैलाकर दिखा दीं।
"पांच भाषाएं !!' उसने अपनी हैरानी पर मुहर लगाते हुए पुष्टि करनी चाही।
उस नीली आंखों वाली लड़की ने हल्की-सी अदा के साथ सहमति में अपना सिर एक बार हिला दिया।
सामने बैठे उस व्यक्ति के होठों पर एक शरारती-सी मुस्कान तैर गई। उसने बड़ी सहजता से पूछ लिया, "पांचवीं भाषा कौन-सी सीख ली?"
यह सवाल सुनते ही लड़की के चेहरे के भाव पल भर में बदल गए। सहजता की जगह अब कौतूहल और संदेह ने ले ली थी। उसने अपनी गहरी नीली आंखों को थोड़ा संकुचित करते हुए पूछा, "क्या आप मुझे जानते हैं?"
वह व्यक्ति उसी तरह इत्मीनान से मुस्कुराता रहा और बोला, "जी हां..."
लड़की की आंखें आश्चर्य से और फैल गईं। माथे पर हल्की-सी शिकन उभरी और उसने हैरानी भरे लहजे में पूछा, "क्या?! हम कब मिले हैं?"
इस बार उस व्यक्ति के होठों की मुस्कान थोड़ी और गहरी और रहस्यमयी हो गई। उसने कुछ देर सोचने के बाद अचानक चुटकी बढ़ाते हुए एकदम से कहा, "शायद पिछले जन्म में... या फिर किसी अधूरे स्वप्न में?"
यह सुनते ही एक पल के लिए लड़की के चेहरे पर घबराहट की एक हल्की-सी लहर दौड़ गई। उसकी आवाज़ में थोड़ी बेचैनी उभरी, "व्हाट डू यू मीन?"
"डोंट वरी, जस्ट जोकिंग..." उसने तुरंत माहौल को हल्का करते हुए कहा।
लड़की अभी भी उलझन में थी, उसका दिमाग इस पहेली को सुलझाने की कोशिश कर रहा था। तभी उस व्यक्ति ने बात का रुख बदलते हुए उसकी उंगली की तरफ देखकर कहा, "यह डायमंड रिंग आप पर काफी जंच रही है... गिफ्टेड है न?"
"जी... लेकिन आपको कैसे पता?" लड़की के चेहरे पर अब हैरानी के साथ-साथ दिलचस्पी भी झलकने लगी थी।
"ओल्ड मॉडल की है, बस इसी से अंदाज़ा लगाया... ध्यान रखिएगा यदि इस बार गिरी तो मैं नहीं लौटने वाला..., उसने बेहद संजीदगी से जवाब दिया।
"शरलॉक होम्स विथ राइटर ?" नीली आंखों वाली उस लड़की के चेहरे का तनाव अब एक प्यारी-सी मुस्कान में ढल चुका था।
उस व्यक्ति ने बात आगे बढ़ाते हुए उसकी उंगली की ओर इशारा किया, "आपकी फिंगर पर यह निशान बर्थमार्क है न?"
"जी... अब यह भी बता दीजिए कि यह कैसे पता चला?" लड़की ने हल्की-सी मुस्कान और चुनौती भरी निगाहों से पूछा।
उस व्यक्ति ने मुस्कुराते हुए तर्क दिया, "जाहिर है आपकी शादी अभी नहीं हुई है, तो फिर इंगेजमेंट फिंगर पर यह निशान किसी पुरानी अंगूठी का तो हो नहीं सकता।"
"ओह! तो आप कोई डिटेक्टिव हैं?" लड़की ने दिलचस्पी लेते हुए पूछा।
"नॉट एट ऑल..." उसने हल्के से सिर हिलाकर इनकार किया, और फिर बगल की सीट की तरफ हल्का-सा इशारा करते हुए बोला, "साथ में आपके पिताजी हैं न?"
"जी!" लड़की की हैरानी अब चरम पर थी।
उस व्यक्ति ने फिर उसी सुकून भरी मुस्कान के साथ कहा, "चेहरा काफी मिलता-जुलता है... लगता है लिटरेचर में काफी इंटरेस्ट है ?"
"जी हां... हिंदी साहित्य से ग्रेजुएशन कर रही हूं...", लड़की ने अब पूरी तरह सहज होकर जवाब दिया, जबकि ट्रेन बाहर के नज़ारों को पीछे छोड़ती हुई अपनी मंज़िल की ओर बढ़ रही थी।
"क्या बात है! आज के दौर में जहां हर किसी पर इंग्लिश लिटरेचर का क्रेज है, वहां आपकी दिलचस्पी हिंदी साहित्य में है... आर यू इंडियन?" उसने बेहद सहज, मगर टटोलती हुई निगाहों से पूछा।
उस लड़की ने प्यारी-सी मुस्कान के साथ जवाब दिया, "फिफ्टी परसेंट... और वैसे भी, लिटरेचर तो लिटरेचर होता है, चाहे किसी भी लैंग्वेज में पढ़ा जाए। मैंने और भी कई इंडियन भाषाएं सीखी हैं—जैसे तमिल, तेलुगु, कन्नड़ वगैरह। और अभी भी सीखने की कोशिश जारी है..."
उस व्यक्ति के चेहरे पर एक गहरी, जानी-पहचानी-सी चमक उभरी, मानो उसे पहले से ही इस बात का अंदाज़ा था। लेकिन प्रत्यक्षतः उसने हैरानी जाहिर करते हुए सिर हिलाया, "अरे वाह, इतनी कम उम्र में इतना कुछ... और इंग्लिश लिटरेचर?"
"हां, काफी हद तक पढ़ा है, "लड़की ने खिड़की से बाहर देखते हुए कहा, "लेकिन पता नहीं क्यों, जब भी इंग्लिश लिटरेचर की कोई बुक उठाती हूं, तो अक्सर ऐसा फील होता है जैसे मैं इसे पहली बार नहीं पढ़ रही हूं..."
इस बात पर उस व्यक्ति के होठों पर एक बेहद रहस्यमयी और अर्थपूर्ण मुस्कान के साथ बोला, "मुझे गेस करने दीजिए....जैसे कि... जैसे कि...", फिर एकदम से वह चुटकी बजाते हुए बोला, "हां, कैसे कि 'वुदरिंग हाइट्स' के अंडरलाइन्स?"
लड़की ने भी मुस्कुराते हुए सहमति जताई, "ओह ! तो आपने गौर किया ? लेकिन हां कुछ वैसा कह सकते हैं और नहीं भी।... बस एक अंडरलाइन को छोड़कर... वह भी मीनिंग्लेस सेंटेंस पर..."
"अच्छा !!  हो सकता है किसी ने मजाक में या फिर किसी खास याद के तौर पर किया हो..."
लड़की ने एक पल ठहरकर उसकी आंखों में देखा और हल्के संदेह व मुस्कान के साथ पूछा, "हां, शायद यही होगा। वैसे... कहीं आपने तो नहीं किया?"
"गलत इल्जाम, बुक आपकी, भला मैं कैसे कर सकता हूँ...? कहीं आप मुझे डरा तो न रही हैं...?"
"हां वो तो है...", कहती हुई वह विचारों में खो गई ।
सुबह के आठ बज रहे थे। एसी कोच की शांत, ठंडी फिज़ा में सिर्फ पटरियों पर दौड़ती रेल की एक लयबद्ध 'खट-खट' गूंज रही थी। बंद काँच की खिड़की के पार सुबह की सुनहरी धूप भागते हुए पेड़ों पर बिखर रही थी। कोच में बेहद शांति थी—पास की सीट पर सिर्फ एक सह-यात्री अपनी ही दुनिया में मगन बैठा था, और विंडो सीट पर आमने-सामने बैठे वे दोनों मानो इस पूरी भीड़ से कटकर अपनी ही एक अलग दुनिया में थे।
जब कुछ देर तक वह कुछ न बोली, तो उस व्यक्ति ने थोड़ा आगे झुकते हुए उसके चेहरे के ठीक सामने तेज़ी से चुटकी बजाई। कोच की गहरी शांति में गूंजी उस मधुर "चट" और साफ़ आवाज़ ने लड़की की तंद्रा तोड़ दी। उस व्यक्ति ने मुस्कुराते हुए पूछा, "कहाँ खो गईं, सफर अभी बाकी है..."
लड़की ने पलकें झपकाईं और एक दिलकश मुस्कान के साथ बोली, "आप चुटकी बहुत अच्छी बजा लेते हैं... मुझसे तो बजती ही नहीं।"
"अरे, इसमें उदास होने की क्या बात है, बहुतों को नहीं आती," उसने हल्का सा हँसते हुए कहा, "मेरी गर्लफ्रेंड को भी नहीं आती थी... आई मीन, जब मैं जवान हुआ करता था।" यह कहते हुए उसके गालों पर हल्की सी झेंप उभर आई।
लड़की ने अपनी नीली आँखों से उसे बड़े गौर से देखा और उसी नर्म मुस्कान के साथ बोली, "वृद्ध तो आप अभी भी नहीं लगते?"
वह धीमे से हँसा ताकि पास बैठे यात्री की शांति भंग न हो। "थैंक यू जी... थैंक यू सो मच फॉर द कॉम्प्लिमेंट! पर पचास की दहलीज़ पार करने के बाद अब तो मान ही लेना चाहिए... खैर, छोड़िए इन बातों को। सुबह का वक्त है, माहौल भी शांत है, अगर आप चाहें तो चुटकी बजाना अभी सीख सकती हैं। बहुत आसान है।"
"अच्छा? सिखाइए फिर," लड़की ने उत्सुकता से किताब को फिर से फोल्डिंग टेबल में रखते हुए कहा।
उस व्यक्ति ने अपना हाथ ऊपर उठाते हुए, बड़े सलीके और नज़ाकत से समझाना शुरू किया, "देखिए, इसे बहुत ध्यान से समझिए। सबसे पहले अपनी मिडिल फिंगर —और थंब के पोरों को आपस में दबाइए... बिल्कुल ऐसे, अब बस फ्रैक्शन ऑफ़ सेकंड—में अंगूठे को पीछे की तरफ़ खिसकाते हुए मिडिल फिंगर को एकदम से आज़ाद कर दीजिए। जैसे ही आपकी उंगली अंगूठे की पकड़ से फिसलकर नीचे हथेली के उभरे हुए इस हिस्से पर तेज़ी से टकराएगी, दोनों के बीच फंसी हवा के दबाव और मिडिल फिंगर के टकराने से अपने आप एक मीठी, खनकती हुई आवाज़ पैदा होगी। एक बार फिर देखिए ऐसे..."
डेमो देने के बाद उसने कहा, "चलिए, कोशिश कीजिए... अरे, शर्माइए मत, यहाँ कोई नहीं देख रहा!"
उस नीली आँखों वाली लड़की ने बड़ी मासूमियत से अपनी उंगलियों को बिल्कुल वैसा ही आकार दिया। उसने तीन-चार बार कोशिश की, लेकिन हर बार उसकी कोमल उंगली बिना आवाज़ किए फिसलकर हथेली पर गिर जाती। 
उसे व्यक्ति ने मुस्कुराते हुए कहा, "हर नहीं माननी है, ट्राई एंड ट्राय अगेन... यूं...", उसने फिर दो-तीन बार डेमो दिखाया।
उसे नीली आंखों वाली लड़की मुस्कुराते हुए फिर कोशिश की। तीन-चार प्रयास की बाद एसी कोच में एक बेहद धीमी, नाज़ुक सी 'टिक' की आवाज़ उभरी।
वह व्यक्ति किसी बच्चे की जीत पर खुश होने वाले शिक्षक की तरह धीमे से चहक उठा, "बस! हो गया, अब आप सीख गईं!"
वह व्यक्ति थोड़ा और करीब झुका, उसकी आवाज़ में अब एक हल्की सी कशिश और गहराई थी। उसने धीमे से कहा, "सारा खेल 'रिलीज़ टाइम' का है। अंगूठे और उंगली के बीच का यह फ़ासला जितने कम समय में तय होगा, उंगली उतनी ही रफ़्तार से हथेली से टकराएगी, और आवाज़ उतनी ही गहरी और तेज़ गूंजेगी। अगली बार जब चुटकी बजानी हो, तो बस एक पल को अपनी ये नीली आँखें बंद करके मन को शांत कीजिएगा... और यूं पूरे आत्मविश्वास के साथ उंगली छोड़िएगा। देखिएगा, आवाज़ सीधा किसी के दिल तक जाएगी... ऐसे..."
... चट
तभी अचानक उस लड़की का हैंडसेट फिर से बज उठा। वह दोबारा फोन पर बात करने में व्यस्त हो गई। अवसर मिलते ही, उस व्यक्ति ने एक बार फिर बेहद शांति के साथ, 'वुदरिंग हाइट्स' उठा ली।
कुछ देर बाद जब वह फोन से फुर्सत हुई, तो उसने फिर से उसी सहज और प्यारी मुस्कान के साथ उस व्यक्ति से पूछा, "क्या देख रहे हैं? कहीं अंडरलाइन में अपना नाम तो नहीं खोज रहे, छोड़िए मैंने तो बस मजाक किया था..."
तभी उस व्यक्ति का मोबाइल बज उठा। उसने बुक को उसके निर्धारित स्थान पर रख दिया। कॉल पर संक्षिप्त-सी बात की। उधर ट्रेन की रफ्तार भी अब धीरे-धीरे कम होने लगी थी, मानो नियति ने इस छोटी-सी मुलाकात की घड़ियां गिन ली हों। उसने अपना बैग उठाया, चेहरे पर एक शांत मुस्कान ओढ़े उस लड़की से कहा, "मेरा स्टेशन आ रहा है, अब मुझे उतरना होगा..."
यह सुनते ही उस लड़की के चेहरे पर विषाद की एक गहरी रेखा उभर आई। उसकी नीली आंखों में एक अजीब-सी मायूसी तैर गई, "ओह! इतनी जल्दी? पर क्या कर सकते हैं... लेकिन जाने से पहले क्या मैं आपसे एक बात पूछ सकती हूं?"
उसने स्नेह से कहा, "अरे क्यों नहीं, एक नहीं कई बातें पूछिए, लेकिन बस पांच मिनट के अंदर स्टेशन आने वाला है..."
लड़की ने कुछ पल रुककर, बेहद सहज संकोच और गहरी उलझन के साथ कहा, "आपने भले ही मुझसे मजाक में कहा हो, लेकिन पता नहीं क्यों मुझे अंदर से ऐसा लग रहा है कि हम कहीं न कहीं मिल चुके हैं। न जाने क्यों मुझे ऐसा प्रतीत हो रहा है जैसे मैं आपको पहले से जानती हूं..."
उसने हल्का-सा मुस्कुराकर बात को टाला, "मैं नहीं, अक्सर लोग कहते हैं कि इस दुनिया में एक ही शक्ल-ओ-सूरत के सात लोग होते हैं। ऐसे में कभी-कभी हमें किसी को देखकर ऐसा भ्रम हो जाता है, पर वास्तव में ऐसा होता नहीं है..."
इस बार उस लड़की ने उसकी आंखों में झांकते हुए, कुछ गहराई से समझते हुए कहा, "नहीं, मैं शक्ल-ओ-सूरत की बात नहीं कर रही हूं... मैं आत्मिक जान-पहचान की बात कर रही हूं। मैंने आज तक कभी भी किसी से सफर में इतनी खुलकर बात नहीं की, लेकिन पता नहीं क्यों आपसे करती चली गई। आप जो पूछते गए, मैं बिना किसी झिझक के बताती चली गई... पर यदि आप कहते हैं कि हम नहीं मिले हैं, तो सही ही होगा। आफ्टर ऑल, आप मुझसे झूठ क्यों बोलेंगे..."
सम्मान के साथ उस व्यक्ति ने उसने कहा, "बिल्कुल सही कहा, इंसान की असली पहचान उसकी शख्सियत होती है। इतनी सहजता से मुझसे बात की, सच पूछिए तो मुझे बहुत अच्छा लगा। पहली नजर में आपके पहनावे को देखकर तो मुझे यही लगा था कि आप कोई विदेशी लड़की हैं, लेकिन आप तो इंडियन कल्चर में बिल्कुल घुली-मिली हैं। हंसमुख,, इंसान और इंसानियत की सच्ची कद्र करने वाली... वरना आज के इस दौर में कौन इस तरह अपनापन दिखाता है? लोग तो अक्सर  सामने वाले को शक की निगाह से देखते हैं। मेरी अंतरात्मा से शुभकामनाएं हैं कि आप जीवन पथ पर खूब आगे बढ़ें, हमेशा खुश रहें, जो मंज़िल आप चाहती हैं वह आपको मिले। ईश्वर आपको लंबी उम्र दे..."
उस लड़की ने उसकी तरफ एकटक, बेहद ही करुण भाव से देखा, मानो उसे अब भी यकीन न हो रहा हो कि यह शख्स यूं बीच सफर में उसे छोड़कर उतर रहा है। उसके यही अनकहे भाव उसके शब्दों में ढलकर बाहर आए। उसने होठों में फीकी-सी मुस्कान लिए हुए धीमी आवाज में कहा, "काश आपका सफर थोड़ा और लंबा होता, तो सचमुच आपके साथ सफर करने में मुझे बहुत अच्छा लगता। पर डेस्टिनी, है न ? अब आपको उतरना पड़ेगा! लेकिन आपसे मिलकर मुझे बहुत अच्छा लगा। बताइए, क्या मैं आपकी कोई हेल्प...", जब उसे और कुछ नहीं सूझा तो उसके बैग की तरफ हाथ बढ़ाते हुए हड़बड़ाहट में कहा, "अच्छा चलिए, मैं आपका बैग ही प्लेटफॉर्म तक पहुंचा देती हूँ...?"
उसकी इस फिक्र ने उस व्यक्ति की आंखों के कोरों को लगभग भिगो ही दिया। लेकिन उसने खुद को सख्त बनाते हुए कहा, "अरे आप क्यों परेशान होगी, मेरा दोस्त मुझे लेने के लिए प्लेटफॉर्म पर आ गया है। जस्ट अभी उसीका तो कॉल आया था। आप अपने लगेज के पास ही रहिए, स्टेशन पर ट्रेन रुकने पर सामान चोरी होने का खतरा रहता है... मैं चला जाऊंगा..."
तभी वह हैंडसम व्यक्ति लौटकर आया और उस लड़की के बगल में बैठ गया। लड़की ने सहजता से उनका परिचय कराते हुए कहा, "वाती... ओह, मेरा मतलब पिताजी..."
उन्हें देखते ही उस व्यक्ति के मन में सम्मान का भाव उमड़ आया। उसने पूरे श्रद्धा भाव से दोनों हाथ जोड़कर पहले प्रणाम कहा फिर झुककर उनके पैर छू लिए।
उस हैंडसम व्यक्ति ने एक बार फिर उस शख्स को बेहद गौर से देखा, मानो उसकी आंखों में छिपे किसी अनकहे राज़ या गहरे अपनापन को पढ़ने की कोशिश कर रहे हों।
उधर, उस व्यक्ति के लिए अब वहां एक पल भी और ठहरना मुश्किल हो रहा था। अपने भीतर उमड़ते भावनाओं के ज्वार को दबाते हुए, उसने आखिरी बार उस नीली आंखों वाली लड़की की तरफ देखना चाहा, लेकिन उसने नहीं देखा। बेहद भारी दिल, मगर चेहरे पर एक शांत मुस्कान लिए वह बोला, "ओके गुडबाय,  टेक केयर एंड  हैप्पी जर्नी,..."
और इतना कहकर, वह बिना पीछे मुड़े ट्रेन के गेट की तरफ चल पड़ा। 
इधर बह नीली आंखों वाली लड़की कुछ देर तक उदास बठी रही, सोचती रही कैसा इंसान था, क्या सिर्फ मुझे चुटकी बजाने सिखाने के लिए आया था!! कुछ देर बाद उसने अपने पिता से कहा, "वाती!! अच्छा इंसान था, लेकिन मैंने तो उसका नाम तक न पूछा..."
उसके पिता ने समझाया, "सफर में किसी अजनबी से इतना घुल-मिलकर बात नहीं करनी चाहिए..."
"यू मीन स्ट्रेंजर...?" उसने एकदम से पूछा था।
उसके पिता तो खामोश हो गए लेकिन उसके मन में एक सवाल उठा, "क्या वह सचमुच मेरे लिए एक स्ट्रेंजर था?"
स्ट्रेंजर... स्ट्रेंजर... स्ट्रेंजर...
उफ़! एसी कोच की उस ठंडी खामोशी में यह एक शब्द उसके ज़ेहन में बार-बार गूँज रहा था, मानो शांत झील में किसी ने पत्थर फेंक दिया हो और हलचल थमने का नाम न ले रही हो।
अगर वह स्ट्रेंजर था, तो फिर मेरे बारे में इतनी सारी बातें कैसे जानता था? उसने मेरी इंगेजमेंट फिंगर के बर्थमार्क के बारे में क्यों पूछा? और वह भी इतने कॉन्फिडेंस से, जैसे उसे पहले से ही कन्फर्म हो कि यह बर्थमार्क ही होगा! उससे बात करते हुए एक पल के लिए भी ऐसा फील क्यों नहीं हुआ कि वह कोई अजनबी है? मुझे यह वाइब क्यों आ रही थी कि मैं उससे पहले भी मिल चुकी हूं—बिल्कुल वैसे ही जैसे उसने कहा था, 'पिछले जन्म में या शायद किसी अधूरे स्वप्न में'? 
अचानक उसकी नज़रें उस खाली सीट पर टिक गईं और एक दृश्य उसकी आँखों के सामने उभर आया—जब उस व्यक्ति ने दूसरी बार किताब वापस रखी थी, तो उसके दूसरे हाथ में एक पेन था!
"पेन... उसके हाथ में पेन क्यों था? क्या उसने मेरी किताब में कहीं कुछ लिखा है?"
धड़कते दिल के साथ उसने झट से पास रखी 'वुदरिंग हाइट्स' उठाई और बेसब्री से उसका पहला पन्ना पलटा। वहाँ कुछ नहीं लिखा था। उसकी उंगलियों में हल्की सी कंपकंपी थी; उसने जल्दी-जल्दी तीन-चार पन्ने और पलटे, लेकिन कहीं कुछ लिखा नहीं मिला।
हल्की सी निराशा के साथ वह किताब को वापस उसी जगह रखने ही वाली थी कि अचानक ही उसे अपनी ही कही हुई कुछ देर पहले की बात याद आई—"क्या देख रहे हैं? कहीं अंडरलाइन में अपना नाम तो नहीं खोज रहे? छोड़िए, मैंने तो बस मज़ाक किया था..."
तभी ट्रेन एक हल्के झटके के साथ फिर से चल पड़ी।
उसने किताब को और भी तेज़ी से, लगभग बेचैनी के साथ पलटना शुरू कर दिया। उसकी नीली आँखें बेताबी से उस खास पन्ने को तलाश रही थीं, जिसकी एक लाइन पर गहरी, डार्क अंडरलाइन की गई थी।
पन्ने सरसराते रहे... और जिस पेज की उसे तलाश थी, वह थोड़ी देर बाद मिला। तब तक ट्रेन ने अपनी रफ़्तार पकड़ ली थी और खिड़की के बाहर का नज़ारा तेज़ी से पीछे छूटने लगा था।
उसने सांस रोककर उस पन्ने को देखा। उस गहरी डार्क अंडरलाइन के ठीक नीचे, नीली स्याही से बेहद सधे हुए अक्षरों में लिखा था— 'अजनबी'।

उसने टिंटेड ब्लैक काँच के पार देखा—बाहर का वह शहर किसी धुंधली, पुरानी फिल्म के रील की तरह तेज़ी से पीछे छूटता हुआ ओझल हो रहा था। ठीक वैसे ही, जैसे अभी-अभी उसके सामने बैठा वह शख्स हो गया।
उसकी गहरी नीली आँखें भर आईं, और पलकों की कोर पर दो गर्म आँसू ठहर-से गए। उसका गला रूंध गया, सीने में एक ऐसी टीस उठी मानो किसी ने उसके भीतर की कोई बेहद कीमती चीज़ छीन ली हो, और वह चाहकर भी उसे रोक न सकी हो।
अब उसके ज़ेहन के पर्दे पर बरसों पुराना वह धुंधला-सा दृश्य बिल्कुल साफ़ होकर उभरा जब वह महज़ ग्यारह साल की एक मासूम बच्ची थी। सत्य अंकल ने बड़े प्यार और एक अजीब-सी तड़प के साथ उसकी उंगली में यह हीरे की अंगूठी पहनाई थी।
रिंग पहनाते वक्त उन्होंने एक बेहद अजीबोगरीब नाम बताते हुए कहा था, "वह तुम्हारे लिए यह अमानत दे गया है, यह नाम हमेशा याद रखना। हो सकता है लाइफ के किसी मोड़ पर वह तुम्हें मिल जाए। भले ही तुम उसे न पहचान पाओ, लेकिन तुम्हारी फिंगर के इस बर्थमार्क से वह तुम्हें पहचान लेगा..."
"कौन?" उसने अपनी नीली आंखों में ढेर सारी मासूमियत और जिज्ञासा समेटे हुए पूछा था।
और सत्य अंकल ने एक रहस्यमयी मुस्कान के साथ कहा था, "बताया तो अजनबी..."
"यू मीन स्ट्रेंजर! यह भला कैसा नाम है..." उसने हैरानी और कौतूहल के साथ पूछा था।
"बस तुम इतना याद रखना कि यही उसका नाम है..." उन्होंने हल्के से हंसते हुए उसके सिर पर हाथ फेरा था।
यादों के इस गहरे भंवर में डूबकर वह बुरी तरह टूट गई। ट्रेन की लयबद्ध रफ्तार और एसी कोच की उस ठंडी ख़ामोशी के बीच वह सीट से पीठ टिकाकर स्तब्ध बैठी रह गई। उसके भीतर एक ऐसी बेबसी और पछतावा घुमड़ रहा था, जो उसकी सांसों को भारी कर रहा था।
उसकी उंगलियों ने कांपते हुए अपने बाएं हाथ की उस उंगली के निशान को छुआ। तो क्या यह सिर्फ़ एक बर्थमार्क नहीं... अपितु किसी अधूरे प्यार अधूरी चाहत की निशानी है ? 
अपने जज्बातों को समेटे हुए वह शख्स उसके सामने बैठा रहा। भले ही वह न पहचान पाई हो लेकिन उसने पहचान लिया था। तभी तो उसने उस निशान को देखते ही इतने यकीन से कहा था—"जाहिर है विवाह नहीं हुआ, तो इंगेजमेंट फिंगर में निशान रिंग का तो हो नहीं सकता..."
उफ्फ! कितनी बेबस थी वह! उसका दिल तो चीख-चीख कर कह रहा था कि यह शख्स अजनबी नहीं है, इसके साथ एक अजीब सा सुकून क्यों मिल रहा है, इसकी आवाज़ इतनी जानी-पहचानी क्यों लग रही है...
जब वह शख्स एक-एक कर उसके ज़ेहन के दरवाज़ों पर दस्तक दे रहा था—कह रहा था, "शायद पिछले जन्म में या किसी अधूरे स्वप्न में..."—तब उसे सत्य अंकल की वे बातें क्लिक क्यों नहीं हुईं? वह हाथ बढ़ाकर उसे रोक क्यों न सकी? वह एक बार उसका नाम क्यों न पूछ सकी?
ट्रेन पूरी रफ़्तार से आगे बढ़ रही थी, और वह सीट से सिर टिकाए अपनी किस्मत की इस क्रूर पहेली पर सिसक रही थी। 
"मुझे तो कुछ याद नहीं..." उसने कांपते होठों से खुद से ही सवाल किया, "लेकिन उस शख्स को... उसे तो सब कुछ याद होगा न?"
यह ख्याल आते ही मानो उसके सीने में कोई खंजर-सा उतर गया। एसी कोच की ठंडी हवा अब उसे किसी बर्फीली चुभन जैसी महसूस हो रही थी। 
यकीनन, वह शख्स आज भी उसी अधूरे कल में साँस ले रहा होगा। वह हर पल पुरानी यादों की आग में जलकर मरता होगा, और फिर सिर्फ़ एक उम्मीद के सहारे हर पल जिंदा होता होगा कि मैं कहीं न कहीं किसी मोड़ पर उससे फिर मिलूंगी। और जब वह पल आया तो चुपचाप उतर गया। क्यों ?
"वह चाहता तो बहुत आसानी से मुझे सब कुछ बता सकता था," लड़की की पलकों से दो गर्म बूंदें लुढ़क कर गालों पर आ ठहरीं। "निश्चित ही वह मेरे पिता को भी जानता रहा होगा... तभी तो जाते वक्त उसने सिर्फ़ प्रणाम ही नहीं किया, बल्कि पूरे सम्मान और अपनत्व से झुककर उनके पैर भी छुए थे!"
यह सोचकर उसका दिल और भी बैठ गया। वह जानता था सब कुछ—उसे पता था कि सामने बैठी यह लड़की कौन है, वह जानता था कि यह रिंग किसकी है, और वह यह भी जानता था कि इस जन्म में उसका परिवार कौन है। फिर भी... उसने एक लफ़्ज़ भी नहीं कहा! न उसने अपना परिचय दिया, न कोई पुरानी बात छेड़ी, न ही अपना कोई पता छोड़ा। बस एक हल्की सी मुस्कान, चुटकी बजाने का एक छोटा सा सबक, और किताब के पन्ने पर नीली स्याही से लिखा वह एक शब्द—'अजनबी'!
क्यों? आखिर उसने ऐसा क्यों किया?
और उसके इस सवाल का जवाब उसकी कही एक बात में मिला। जब उसने कहा था कि वृद्ध तो आप अभी भी नहीं लगते... और जवाब में उसने कहा था, "थैंक यू सो मच फॉर द कॉम्प्लिमेंट! पर पचास की दहलीज़ पार करने के बाद मान लेना चाहिए..."
शायद इसलिए वह एक नई ज़िंदगी की शांति को अपने पुराने अतीत के बोझ से बोझिल नहीं करना चाहता था। उसने अपने वर्षों के इंतज़ार और तड़प को अपनी ही मुट्ठी में भींच लिया, ताकि इस जन्म की मासूमियत पर कोई आँच न आए।
ट्रेन अपनी पूरी रफ़्तार से भागती जा रही थी, मानो वक़्त की तरह किसी के इंतज़ार में न रुकने की कसम खा ली हो। उसने एक गहरी, कांपती हुई साँस ली। उसने बहते हुए आँसुओं को ही पोंछा नहीं, बल्कि अपनी बिखरती हुई भावनाओं को बड़ी मुश्किल से समेटा। उसने अपनी संपूर्ण चेतना, अपनी समूची ऊर्जा को अपने भीतर के एक शांत केंद्र बिंदु में एकत्र किया, और फिर धीरे से अपनी गहरी नीली आँखें बंद कर लीं।
बाहर के शोर, रेल की खट-खट और दुनिया की हर आवाज़ से कटकर, लगभग इक्कीस वर्षीय नीली आंखों वाली उस लड़की ने अपनी रूह की गहराइयों में उतरकर एक आखिरी विश मांगी—एक ऐसी दुआ, जो शायद दो जन्मों के फासले को पाटने वाली थी:
"तो जाओ मेरे 'अजनबी'... अगर तुम्हारी खामोशी में ही तुम्हारा सुकून है, तो अब इस जन्म में तुमसे मिलने की मैं कोई कोशिश न करूँगी। तुम्हारी शांति की राह में मैं कभी कोई सवाल बनकर नहीं आऊँगी..."
यह कहते हुए उसका गला भर आया। उसने अपनी उस उंगली को—जिस पर किसी का प्यार बर्थमार्क बन के उभरा—हथेली में भींचा, और अपनी बंद मुट्ठी को अपने सीने से इतनी कस कर लगा लिया, मानो उस शख्स की सारी तड़प को अपने दिल में कैद कर लेना चाहती हो।
"...भले ही तुम मेरी स्मृतियों में ना सही लेकिन आज मुझे उस पत्र का रहस्य और अर्थ दोनों मिला। तो अब उसी को साक्षी मानकर मैं ईश्वर से प्रार्थना करती हूँ... ताउम्र तुम्हारी हर उदासी, तुम्हारा हर अकेलापन मुझे भी महसूस होता रहे। जब भी रात के सूनेपन में तुम मेरी पुरानी यादों की परछाइयों में घिर जाओ... और जब भी उस अधूरे कल को याद कर तुम्हारी रूह तड़प उठे और तुम रोओ...तब तुम्हारे हर आँसू मेरी पलकों से होकर गुज़रे...मेरी भी आंखें सजल हों..…चाहे मैं इस धरती के किसी भी कोने में रहूँ..."

उसने देखा उसके पिता उसकी मानसिक द्वंद्व और पीड़ा से बेखबर न्यूज़ पेपर पढ़ने में तल्लीन हैं।

आज उसे अफसोस यह भी हो रहा था कि उस दिन के बाद सत्य अंकल से फिर कभी मुलाकात क्यों न हुई। कोविड की उस पहली मनहूस लहर में उनकी डेथ हो गई—और वह अपने साथ एक अनकहे रिश्ते के कई राज़ भी ले गए। 
    और दूसरा वह शख़्स था, जिसने इस ज़िंदगी को केवल काटा नहीं, बल्कि इसकी गहराइयों को जीया और महसूस किया था। वह चंद पलों के लिए ही सही, पर एक ठंडी बयार की तरह उसके जीवन में आया। उसने उसे केवल उंगलियों से चुटकी बजाना नहीं सिखाया, बल्कि मानो समूचे जीवन का संगीत और सृष्टि की हर लय उस एक छोटी-सी ध्वनि में पिरोकर उसकी हथेली पर सौंप गया।
अप्रत्यक्ष रूप से, बिना कोई उपदेश दिए, वह उसे इस संसार का सबसे बड़ा सत्य समझा गया—कि जब भी जीवन की राहों में दुखों का अंधकार घिर आए, जब पीड़ा की तीव्रता से मन तड़प उठे और अंतरात्मा बेचैन होकर छटपटाने लगे... तो उस दर्द के भंवर में डूबकर रुक जाना जीवन नहीं है। बस एक गहरी साँस लो, पूरे आत्मविश्वास के साथ एक चुटकी बजाओ—और उस एक क्षण की गूंज के साथ तमाम बोझ को पीछे छोड़, जीवन के पथ पर आगे बढ़ जाओ।

सत्य अंकल की मृत्यु के बाद, एक पुरानी अलमारी (कबर्ड) के एक कोने में उसे अपनी बुआ के तीन खत मिले थे। उनमें से दो मूल (ओरिजिनल) पत्र थे, जो बुआ द्वारा सीधे सत्य अंकल के नाम लिखे गए थे। लेकिन तीसरा पत्र—जो एक फोटोकॉपी के रूप में सहेजा गया था—किसी साधारण चिट्ठी जैसा नहीं था; वह कई पन्नों में फैला, लगभग एक पूरी नोटबुक के बराबर का एक विशाल दस्तावेज़ था। संबोधन था, प्रिय अजनबी।
उसने उस खत को एक नहीं, बल्कि अनगिनत बार पढ़ा था। उस पत्र के एक-एक शब्द को पढ़ते हुए उसे महसूस होता, मानो किसी ने उसके भीतर की अनकही दास्तां को कागज़ पर उतार दिया हो। उसी खत के पन्नों से उसे अपनी उंगली पर बने उस रहस्यमयी बर्थमार्क का अंदाजा भी हो गया था कि शायद यह महज़ कोई निशान नहीं, बल्कि किसी ऐसी मोहब्बत की आखिरी निशानी है जो मौत की दहलीज़ पार करके भी धुंधली नहीं पड़ी।
सच तो यह था कि वह खत ही उसकी जिंदगी का पहला 'साहित्य' था, जिसने उसकी रूह को झकझोर कर रख दिया। आधुनिक विज्ञान (साइंस) की छात्रा होने के नाते वह पुनर्जन्म जैसी बातों पर यकीन नहीं करती थी, लेकिन उस पत्र को पढ़ते हुए हर बार उसके भीतर एक अजीब-सी सिहरन दौड़ जाती। उसे लगता, जैसे उसकी बुआ बिल्कुल उसी की तरह जीती थीं, उसी की तरह सोचती थीं... या शायद, वह खुद ही अपनी बुआ का वह अधूरा हिस्सा है जो समय के पार लौट आया है। पत्र में तो बुआ के हृदय की टीस, उनके अंतर्मन की पीड़ा, कुछ शिकायतें और कुछ स्वीकृतियां तो उजागर हुईं लेकिन यदि कोई प्रेम कहानी थी तो कैसी रही होगी इसका उसे कोई अंदाजा नहीं था। उसने याद करने की बहुत कोशिश की लेकिन उसे कुछ भी याद नहीं आया था।  इसके बाद लॉकडाउन के समय से अगले तीन माह उसने अपनी बुआ की उस शांत लाइब्रेरी की एक-एक साहित्यिक किताब को पढ़ना शुरू किया, मानो हर पन्ने पर वह अपने अतीत की परछाइयां और उस 'अजनबी' के कदमों के निशान तलाश रही हो। इन अनकहे जज़्बातों और रूहानी जुड़ाव का उस पर इतना गहरा असर हुआ कि उसने साइंस की राह छोड़कर हिंदी साहित्य (लिटरेचर) पढ़ने का फैसला कर लिया—और फिर वह कभी वापस जर्मनी नहीं लौटी।
हालांकि, उसने खुद को सिर्फ आंसुओं और भावुकता के भंवर में डूबने नहीं दिया। उसने अपने दर्द को अपनी ताकत बनाया और एक ऐसा ठोस वर्क-प्लान और जीवन का ढांचा (स्ट्रक्चर) तैयार किया, जिससे न केवल उसका अपना करियर नई ऊंचाइयों को छुए, बल्कि उसकी बुआ की वह निश्छल, पवित्र और स्वार्थ-रहित सोच भी इस दुनिया में हमेशा जीवित रहे।
आज ट्रेन की इस खिड़की से बाहर देखते हुए उसने महसूस किया जैसे अचानक ही उसकी नीली आंखों का रंग गहरा बदामी हो गया है। उसकी आंखें भले ही नम हो रही थीं, पर उसके दिल में एक अजीब-सी शांति थी। यह कैसी अद्भुत प्रेम कहानी थी, जो न तो मौत के साथ खत्म हुई, और न ही इस नए जन्म की दहलीज़ पर आकर मुकम्मल हो सकी। वक़्त के फासलों ने उन्हें इस जन्म में भी एक-दूसरे के सामने लाकर सिर्फ 'अजनबी' ही रहने दिया। लेकिन उसकी नम आंखों की चमक में एक अटूट यकीन था—कि ब्रह्मांड की किसी अनंत डोर से बंधी यह अधूरी दास्तां यूं ही खत्म नहीं हो सकती। कोई न कोई ऐसा वक़्त, कोई न कोई ऐसा मोड़ या फिर कोई अगला जन्म ही सही जरूर आएगा, जब वक़्त की कोई बंदिश नहीं होगी, उम्र के कोई फासले नहीं होंगे...

खामोश निगाहों से बाहर के धुंधलके को निहारते हुए, उसने अचानक एक नज़र अपनी मिडिल फिंगर में पहनी उस डायमंड रिंग पर डाली। न जाने उस पल उसके भीतर क्या जज़्बात उमड़े, या जाने उसे क्या प्यारी-सी नादानी सूझी—उसने बेहद आहिस्ता से उस डायमंड रिंग को उतारा और सीधे अपनी इंगेजमेंट फिंग में, ठीक उसी बर्थमार्क के ऊपर पहन लिया।
अंगूठी के उस निशान को छूते ही, उसके पूरे वजूद में एक मीठी-सी सिहरन दौड़ गई। उसे महसूस हुआ, मानो सदियों से दहकते और तड़पते उसके उस बर्थमार्क को अचानक एक अजीब-सी, दिव्य ठंडक मिल गई हो—और वह सुकून भरी ठंडक चुपचाप उसकी रगों से होते हुए सीधे उसके दिल की गहराइयों में उतरती चली जा रही है...
कुछ क्षणों तक सीट से पीठ टिकाए, वह आंखें मूंदे उस दिव्य ठंडक और सुकून को अपने भीतर उतरता हुआ महसूस करती रही। फिर अचानक उसने अपनी गहरी नीली आंखें खोलीं। बगल में बैठे उसके पिता बड़े ध्यान से न्यूज़पेपर पढ़ रहे थे। सुची ने बेहद धीमी, मगर गहरे विश्वास से भरी आवाज में कहा, "वाती !! वह आया था..."
उसके पिता ने उसकी धीमी आवाज नहीं सुनी, वे अखबार की खबरों में ही मगन रहे। सुची के होठों पर एक मीठी और फीकी-सी मुस्कान उभर आई। उसने अपने पिता का ध्यान खींचने के लिए उनके सामने चुटकी बजाई—"चट!"
लेकिन यह क्या!! इस बार उसकी चुटकी इतनी तेज बाजी, लगा जैसे पूरे कंपार्टमेंट में गूंज गई हो और उसके पिता ने चौंककर अखबार से नजरें हटा उसकी तरफ देखा। फिर मुस्कुराते हुए, हल्की डांट के लहजे में कहा, "सुची! तुम किसी दिन मुझे हार्ट अटैक दोगी... इतनी तेज चुटकी भला कौन बजाता है? और कब सीख लिया यह सब?"
पता नहीं उस पल सुची के भीतर क्या शरारत और अपनापन उमड़ा। अपनी इंगेजमेंट फिंगर में चमकती उस डायमंड रिंग को महसूस करते हुए, उसने बिल्कुल उसी 'अजनबी' व्यक्ति के अंदाज में एक बार फिर चुटकी बजाई और अपनी आंखों में एक गहरी चमक लिए पिता को जवाब दिया, "पिछले जन्म में... या फिर किसी अधूरे स्वप्न में..."

Comments

Popular posts from this blog

अजनबी - 1

अजनबी - 4 (वह पत्र)

मैं तुम्हारी पीहू